हरिद्वार , फरवरी 24 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा।

कनखल क्षेत्र के चौक बाजार में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए सख्त कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानदारों का सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया गया।

अभियान की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रशासनिक टीम को देखते ही कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान अंदर समेटते नजर आए, जबकि कुछ दुकानदारों ने अधिकारियों से तीखी बहस भी की। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि कनखल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सड़क किनारे दुकानों का सामान फैलाने से आमजन और तीर्थयात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है और आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।

कनखल चौक बाजार, सतीघाट और पहाड़ी बाजार क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि विरोध करने पर अतिक्रमण करने वाले अभद्र व्यवहार करते थे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

कार्रवाई के बाद कई व्यापारियों ने भी प्रशासन के कदम का समर्थन करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और नगर प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी रहने उम्मीद जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित