हरिद्वार , फ़रवरी 04 -- हरिद्वार के थाना भगवानपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के उपरांत हुए विवाद में दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सख्त रुख अपनाया है।

एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार देर रात तेज्जुपुर चौकी प्रभारी सहित एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

जांच रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि घटना की सूचना के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी समय से घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और न ही उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इस गंभीर लापरवाही को कर्तव्यहीनता मानते हुए एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में ढिलाई एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि जनहानि से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित