तिरुवनंतपुरम , दिसंबर 30 -- भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर (43 गेंद, 68 रन) की कप्तानी पारी और अरुंधती रेड्डी (11 गेंद, 27 रन) की आतिशबाज़ी की बदौलत मंगलवार को पांचवें और आखिरी टी20 में श्रीलंका के सामने 176 का लक्ष्य रखा।

भारत के पांच विकेट 77 रन के स्कोर पर गिरने के बाद हरमनप्रीत ने पारी को संभालते हुए 43 गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के के साथ 63 रन बनाए। उन्हें अमनजोत कौर (18 गेंद, 21 रन) का साथ मिला और दोनों ने छठे विकेट के लिये 61 रन जोड़कर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

भारत ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा का विकेट दूसरे ही ओवर में गंवा दिया। भारत के लिये पदार्पण कर रही जी कमालिनी भी महज़ 12 रन के स्कोर पर कविशा दिलहारी का शिकार हो गयीं।

हरलीन देओल ने रश्मिका सेवंडी की गेंद पर क्लीन बोल्ड होने से पहले 13 रन बनाये, लेकिन उनके जाने के साथ ही भारतीय पारी संकट की स्थिति में नज़र आने लगी।

इस मौके पर हरमनप्रीत ने पारी को संभाला। विकेटकीपर ऋचा घोष (पांच रन) और दीप्ति शर्मा (सात रन) के विकेट गिरने के बावजूद उन्होंने एक छोर को संभाला। उन्होंने आधी टीम के पवेलियन लौटने के बावजूद भारत को 11वें ओवर में 79 रन तक पहुंचा दिया।

हरमनप्रीत-अमनजोत की जोड़ी ने कुछ देर संयम दिखाया, लेकिन 14वें ओवर में एक-एक चौका जड़कर अपने हाथ खोल लिये। हरमनप्रीत ने 15वें ओवर में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। हरमनप्रीत (16) अब भारत के लिये महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा अर्द्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में मिथाली राज (17) से सिर्फ एक कदम पीछे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित