हरदोई , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कैटर्स का काम करने के लिए घर से निकले एक युवक का शव तीसरे दिन रेलवे लाइन पर प्लेटफॉर्म के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी गजराज (20) अपने पांच भाइयों में तीसरे स्थान पर था। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर हरियाणा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कैटर्स का काम करने के लिए जाया करता था। तीन दिन पहले वह घर से काम पर जाने की बात कहकर एक जोड़ी कपड़े लेकर निकला था। बुधवार रात जीआरपी को रेलवे ट्रैक पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास से मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थाना अध्यक्ष पंकज भास्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला श्रमजीवी एक्सप्रेस से हादसे का प्रतीत हो रहा है। यह भी आशंका है कि युवक रेलवे लाइन पर लेट गया था और ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित