हरदोई , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर में मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली लोनार क्षेत्र के गांव कल्लन सराय निवासी चन्द्रवीर (40) आज सुबह घर से दवा लेने के लिए निकले थे। कुछ देर बाद उनका शव जगदीशपुर में एक मेडिकल स्टोर के पास पड़ा मिला। मेडिकल स्टोर संचालक ने इसकी सूचना एम्बुलेंस और डायल 112 पुलिस को दी। एम्बुलेंस की मदद से उन्हें बावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होने बताया कि चन्द्रवीर पानीपत में ठेकेदारी का काम करते थे और अविवाहित थे। वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे। सूचना पर चौकी इंचार्ज बावन वरुण शुक्ला मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित