, Feb. 12 -- हरदोई 12 फ़रवरी (वाता) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक नामी स्कूल के एक कलयुगी शिक्षक ने न केवल कक्षा 4 की छात्रा के साथ 'बैड टच' (छेड़छाड़) जैसी घिनौनी हरकत की,बल्कि शिकायत करने पहुंची उसकी मां पर भी हाथ उठा दिया।

पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आज आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत शहर के एक मोहल्ला निवासी ठेकेदार की 11 वर्षीय बेटी एक निजी स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है। गुरुवार को शहर कोतवाली के पास ही स्थित स्कूल में छात्रा की पर्यावरण विज्ञान और सामान्य ज्ञान की परीक्षा थी। छात्रा को पीछे बैठने के कारण ब्लैकबोर्ड ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था,इसलिए वह बोर्ड के करीब आकर काम करने लगी।आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षक पवन कुमार ने मासूम बच्ची के साथ 'बैड टच' किया।

दोपहर को जब छात्रा की मां उसे लेने स्कूल पहुंचीं तो बच्ची ने आपबीती सुनाई। गुस्से में मां जब प्रधानाचार्य के कक्ष में शिकायत करने पहुंची और आरोपी शिक्षक को वहां बुलाया गया,तो उसने शर्मिंदा होने के बजाय अपना आपा खो दिया।आरोप है कि उस दबंग शिक्षक पवन कुमार ने प्रधानाचार्य के सामने ही छात्रा की मां को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। पीड़ित महिला ने तुरंत 1090 पर फोन कर पुलिस को मौके पर बुला लिया।

महिला ने स्कूल प्रशासन पर भी आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आज उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसे अग्रिम कार्रवाई के लिये अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित