हरदोई , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के हरदोई स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास एक युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी।

शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस इसे हादसा, आत्महत्या या किसी और साजिश के एंगल से जांच रही है। पुलिस दोनों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदोई स्टेशन से कुछ दूरी पर तड़के सुबह करीब तीन बजे खदरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवक और एक युवती के क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास पिलर नंबर 1173 के नजदीक से दोनों शवों को कब्जे में लिया। शवों की हालत इतनी खराब थी कि प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।

मृतकों की उम्र करीब 22 और 25 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीओ सिटी अंकित मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित