हरदोई , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार को विवादित भूमि पर भैंस चरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि पचदेवरा थाना क्षेत्र के मजरा कुंवरपुर गांव में दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी राधेश्याम की भैंस उनके पड़ोसी अखिलेश, अवधेश, बृजेश व मंजेश की जमीन पर चरने चली गयी, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने राधेश्याम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

मृतक के पुत्र संजीव कुमार के अनुसार आरोपियों ने राधेश्याम को घेरकर बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के चार अन्य सदस्य भी हमले में घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने राधेश्याम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार सीएचसी शाहाबाद में चल रहा है।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंजेश, बृजेश और अखिलेश को हिरासत में ले लिया है तथा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित