हरदोई , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी (30) की मौत हो गई। इस दुर्घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा माधौगंज-कन्नौज मार्ग पर मटियामऊ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरूवार आधी रात के बाद सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में थार कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। कार में सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को कन्नौज के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्रशांत त्रिपाठी और शुभम तिवारी को कानपुर के रीजेंसी अस्पताल रेफर किया गया। कानपुर में चिकित्सक ने प्रशांत त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।

प्रशांत त्रिपाठी कन्नौज जनपद के जसोदा कस्बा निवासी थे और भाजपा के युवा नेताओं में गिने जाते थे। उनके साथ घायल हुए अन्य लोगों में विकास पांडेय, शुभम तिवारी, बादल तिवारी, अमन तिवारी (सभी जसोदा कस्बा निवासी) और पांडेय पुरवा निवासी निशांत अग्निहोत्री शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित