हरदोई , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जारी बारिश और ओलावृष्टि के अलर्ट के बीच हरदोई जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ले ली। लखनऊ और उन्नाव से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने से दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। आसमान पर काले घने बादलों की मोटी परत छा गई और बर्फीली हवाओं ने ठंड व गलन बढ़ा दी।

कछौना और संडीला क्षेत्र में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि बेहंदर ब्लॉक के उन्नाव सीमा से लगे गांव बिरौली, सिरौली और रसूलपुर ब्राह्मणान में ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को सफेद चादर में ढक दिया। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

अचानक बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी सरसों और आलू की फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित