हरदोई , फरवरी 1 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सवायजपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल एक बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक एक फरवरी की रात करीब एक बजे थाना सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम पलियापुर निवासी प्रमोद ने भैंस चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना के बाद जिले के सभी थानों को सतर्क करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में थाना हरपालपुर पुलिस टीम सुबह साढ़े तीन बजे गंगा एक्सप्रेस वे पर ग्राम जूरी के पास चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा पिकप डाला आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों को रोकने के लिए उनकी घेराबंदी की तो पिकअप में सवार अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर के भागने का प्रयास किया। जिसके जवाब में पुलिस की टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें गुलशेर के दाहिने पैर में गोली लग गई। मौके से उसके दो अन्य साथी गिरधारी तथा भोला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, 80 हजार रुपये नकद, चोरी का टाटा पिकअप डाला, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शातिर पशु तस्कर हैं, जो दिन में रेकी कर रात में पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित