हरदोई , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कछौना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कछौना क्षेत्र के प्रतापपुर मजरा टिकारी गांव निवासी राजकुमार ने अपने छोटे भाई रामसेवक की पत्नी मंजू को तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मंजू को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति रामसेवक के अनुसार उसका बड़ा भाई राजकुमार बालामऊ जंक्शन पर गैंगमैन के पद पर तैनात है। नौ मार्च को रेलवे क्वार्टर में राजकुमार अपनी पत्नी किरन के साथ मारपीट कर रहा था। इस दौरान मंजू ने बीच-बचाव करते हुए किरन को उसके चंगुल से छुड़ाकर गांव स्थित घर ले आई थी।
उन्होने बताया कि शुक्रवार शाम मंजू घर में खाना बना रही थी, जबकि किरन पड़ोस में बैठी थी। इसी दौरान पीछे से आए राजकुमार ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे मंजू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित