हरदा , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश के हरदा जिले की टिमरनी तहसील के छिदगांवमेल ग्राम में गोवंश को रेलवे ट्रैक पर बांधकर मारने की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अज्ञात लोगों ने एक आश्रम से पांच गोवंश को चोरी कर उन्हें रेलवे ट्रैक से बांध दिया। रात के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से सभी गोवंश की मौत हो गई। रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास उनके शव पड़े मिले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पहले मवेशियों को आश्रम से चुराया गया और फिर उन्हें ट्रैक पर बांध दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी और विभिन्न धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित