बैंकॉक , दिसंबर 08 -- थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने सोमवार को कहा कि कंबोडिया के साथ सीमा पर चल रही झड़पों के जवाब में थाईलैंड राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए "आत्मरक्षा के अपने वैध अधिकार" का इस्तेमाल करेगा।

श्री चर्नविराकुल ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव के बाद टेलीविज़न पर दिये गये संबोधन में कहा कि सभी मामलों में स्थिति के अनुसार सैन्य अभियान चलाये जायेंगे। इसमें सावधानी बरती जायेगी और मानवीय सिद्धांतों का पालन किया जायेगा।

सरकार ने अस्थायी आश्रयों में निकाले गये नागरिकों को तत्काल सहायता देने का भी आदेश दिया है। सभी एजेंसियों को भोजन, चिकित्सा देखभाल और ज़रूरी कल्याणकारी सुविधायें प्रदान करने का निर्देश दिया है।

यह संबोधन थाई-कंबोडिया सीमा पर रविवार को शुरू हुई हिंसा के बाद आया है। थाई सेना के अनुसार, इसमें पहले ही एक थाई सैनिक की जान चली गयी है और आठ अन्य घायल हो गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित