हमीरपुर , फरवरी 10 -- राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस कार्यक्रम के तहत हमीरपुर जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चों, किशोरों और युवाओं को इस महीने के अंतिम सप्ताह में कृमिनाशक अल्बेंडाजोल दवा दी जायेगी। इसके साथ ही 1 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों को विटामिन ए की खुराक भी दी जायेगी।

उपायुक्त गंधर्व राठौर ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के इस विशेष अभियान और दूसरे रोग प्रतिरोधी और टीकाकरण कार्यक्रमों की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।

उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी बच्चे के पेट में कृमि हैं, तो उसका शारीरिक विकास प्रभावित हो सकता है और उसे एनीमिया जैसी बीमारियों के होने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए 19 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे और युवा के लिए कृमिनाशक दवा बहुत महत्वपूर्ण है।

जिले में 1 से 19 वर्ष की आयु के 1,10,309 बच्चों और युवाओं को ये दवा दी जायेगी। इनमें से 1 से 5 वर्ष की आयु के 24,748 बच्चों को विटामिन ए भी दिया जायेगा। यह दवा बच्चों में आंखों की समस्याओं को रोकने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और अन्य संबंधित विभागों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए तालमेल से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रवासी बच्चों और किसी भी कारण से स्कूल छोड़ने वाले बच्चों को भी इस अभियान में विशेष रूप से शामिल किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित