हमीरपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में शनिवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना अपने सैनिकों का साथ कभी नहीं छोड़ती। यह आयोजन उसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वीर नारियों ने कठिन परिस्थितियों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और राष्ट्र उनकी गरिमा का सम्मान करता है। सैनिक कल्याण कोई योजना नहीं बल्कि नैतिक जिम्मेदारी है। सेवानिवृत्ति के बाद केवल वर्दी उतरती है, कर्तव्य नहीं।

कार्यक्रम में 27 आर्ड ब्रिगेड के एसएम सहित सेना के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और पूर्व सैनिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर हमीरपुर एवं बांदा जनपद की वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।

31 डिवीजन की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश और दुनिया को भारतीय सेना के शौर्य से परिचित कराने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी की उपस्थिति ने समारोह में विशेष उत्साह भर दिया। उन्होंने भी पूर्व सैनिकों को संबोधित किया।

कार्यक्रम में जिले की 22 तथा बांदा की सात वीर नारियों समेत कुल 15 पूर्व सैनिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। लगभग 400 पूर्व सैनिकों ने समारोह में भाग लिया।

आयोजन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं 12 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम के संयोजक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन आईएन हरजिंदर सिंह संधू रहे। इस अवसर पर 12 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधीर कुमार, मेजर केजी शिनाय, सूबेदार मेजर देशपाल, नायब सूबेदार भरत एवं नायब सूबेदार राजेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में मेडिकल कैंप, कैंटीन, स्पर्श सेल एवं इंश्योरेंस सहित विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित