हमीरपुर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के एक इंजीनियर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मृतक की पत्नी समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इंगोहटा गांव निवासी आशीष कुशवाहा (28) मध्य प्रदेश में एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। उसने रविवार देर रात छत के पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की मां की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने इंजीनियर की पत्नी अंजलि, सास मीना, ससुर नवल, साले चिंटू व मनीष तथा चचिया ससुर ओमप्रकाश कुशवाहा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

आत्महत्या से पहले आशीष ने छह पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर कई महीनों से 50 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया था और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। सुसाइड नोट में उसने अपनी संपत्ति छोटे भाई को देने की बात भी लिखी थी और कहा था कि वह पत्नी को तलाक नहीं दे सकता, इसलिए यह कदम उठा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित