सिलीगुड़ी , अक्टूबर 07 -- पश्चिम बंगाल में मालदा उत्तर के भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सांसद खगेन मुर्मू की आखों के नीचे गंभीर चोटें आयी है और उसका सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी हैं।
भाजपा सासंद पर बाढ़ प्रभावित नागराकाटा के दौरे के दौरान हमला किया गया था। डाक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी हालत अभी स्थिर है और चेहरे पर हुये फ्रैक्चर के लिए तत्काल सर्जरी करनी पड़ेगी।
शुरुआती रिपोर्ट में सुझाव दिया गया था कि उन्हें दिल्ली एम्स में भेजा जा सकता है, लेकिन दार्जलिंग के भाजपा सासंद राजू बिष्ट ने स्पष्ट किया कि अभी ऐसी कोई योजना नहीं है।
श्री बिष्ट ने यूनीवार्ता से कहा कि श्री खगेन मुर्मू के आंखों के नीचे चोट आयी है। अभी सिलीगुड़ी से बाहर उन्हें ले जाने की कोई योजना नहीं है। चिकित्सक उनकी सर्जरी यहां ही कर सकते हैं। इसी हमले में घायल भाजपा विधायक शंकर घोष भी अपना इलाज यहीं अस्पताल में करा रहे हैं। उनकी हालत भी स्थिर है। हमले के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद दर्ज शिकायतों के आधार पर आठ लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
इस घटना के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी न होने पर भाजपा ने तीखी आलोचना की है और धमकी दी है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित