खरगोन , फरवरी 9 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह में शामिल तीन महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है।

आरोपी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने और झूठे मामलों में फँसाने की धमकी देकर फरियादियों से मोटी रकम की मांग करते थे।

एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को ग्राम सताजना निवासी एक फरियादी ने थाना सनावद में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार 2 फरवरी को एक महिला, जिसने अपना नाम सपना बताया, ने बार-बार फोन कर उसे पद्मावती कॉलोनी, सनावद स्थित अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर महिला द्वारा कमरे में ले जाकर सहमति से संबंध बनाए जा रहे थे, तभी अचानक दो पुरुष और एक अन्य महिला कमरे में आ गए।

आरोपियों ने पहले से छुपाए गए मोबाइल फोन से वीडियो बनाए जाने की बात कहकर फरियादी को धमकाया और वीडियो वायरल करने, जान से मारने तथा बलात्कार के झूठे मामले में फँसाने की धमकी देकर 2 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। भय के चलते फरियादी ने 6 फरवरी को आरोपियों को 10 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी धमकियां जारी रहीं, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना सनावद में मामला दर्ज किया गया। सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी वैजन्ती दुबोलिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दो अन्य महिलाओं तथा समीर अली और सावन मोरे नामक आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक वीडियो जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित