अंबिकापुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ में अंबिकापुर के थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है और पुलिस द्वारा उसकी तलाश जारी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली, जिला सरगुजा में अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) और 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में संदेही आरोपी घटना दिनांक से फरार चल रहा है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए गए और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है।

फरार आरोपी का हुलिया भी जारी किया गया है। आरोपी का रंग सांवला है, ऊंचाई लगभग 5 फीट 4 इंच है। उसके बाल घुंघराले और लंबे हैं तथा शरीर पतला और एकहरा है। चेहरे पर काली दाढ़ी और मूंछ है। घटना के समय उसने हल्का गुलाबी शर्ट और नीला जींस पहन रखा था। इसके अलावा सिर पर नीले रंग का गमछा बंधा हुआ था और पीठ पर एक झोला लटका हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित