भोपाल , अप्रैल 1 -- मध्यप्रदेश राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में युवक की हत्या के विरोध में बुधवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की मांग की।
सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति और बजरंग दल सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पॉलिटेक्निक चौराहे के पास रोक लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी।
यह विरोध प्रदर्शन 35 वर्षीय विजय राजपूत मेवाड़ (बिट्टू) की हत्या के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, रविवार रात अशोका गार्डन क्षेत्र में समझाने के दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर विरोध जताया था।
पुलिस के अनुसार मामले में फरमान, कालू और इमरान को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है और उसकी तलाश जारी है। राज्य के मंत्री विश्वास सारंग ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। साथ ही मृतक की बेटियों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में सहायता का आश्वासन भी दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित