धार , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश में धार कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में आठ माह से फरार चल रहे आरोपी को गुना से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना दिनांक से लगातार फरार था, जिसकी पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2025 को आरोपी दीपेंद्र देवराज और उसके साथी गाड़ी लेने के लिए धार आए थे। इस दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में फरियादी राहुल पिता भरत प्रजापत से गाड़ी को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपियों ने राहुल के साथ मारपीट की थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि जीत पिता भैयालाल लोधा निवासी गुना लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना कोतवाली प्रभारी दीपक सिंह चौहान द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम में उप निरीक्षक सावन मुवेल, प्रधान आरक्षक रवि शैलीवाल, आरक्षक शुभम जादौन एवं आरक्षक राहुल शामिल थे। टीम ने इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसी कड़ी में फरार आरोपी जीत पिता भैयालाल लोधा उम्र 22 वर्ष, निवासी गुना जिला गुना को आज गुना से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित