रुद्रपुर , मार्च 31 -- हज यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य हज समिति की ओर से ऊधमसिंह नगर में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज में हज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष ख़तीब मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हज समिति लगातार हाजियों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में हज यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय हज समिति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हाजियों के टीकाकरण के लिए राज्य के चिकित्सालयों का चयन किया गया है।

हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि रुद्रपुर में आयोजित शिविर में 142 हाजियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण और मेडिकल परीक्षण किया गया। वहीं काशीपुर जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में 130 हाजियों का टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित