रांची, 27सितम्बर (वार्ता) झारखंड के हजारीबाग वन भूमि घोटाले में फंसे निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उन्हें इस मामले में गिरफ्तार करने की तैयारी शुरू कर दी है। 25 सितंबर को मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग से अनुमति मिलने के बाद हजारीबाग में विनय चौबे के खिलाफ तीसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एफआईआर में विनय चौबे के साथ नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक विनय सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। गुरुवार को एसीबी ने विनय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और अब उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में एसीबी टीम ने स्पष्ट किया है कि विनय चौबे की संलिप्तता इस वन भूमि घोटाले में पाई गई है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए अनुमति मांगी गई थी।
यह मामला हजारीबाग में जमीन के अवैध अधिग्रहण और अन्य अनियमितताओं से जुड़ा हुआ है। विनय चौबे संबंधित कई जांच और एफआईआर में पहले भी फंसे हैं, और यह उनकी तीसरी एफआईआर है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो इस घोटाले की गहन पड़ताल कर रही है और आगे भी कई नाम उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित