हजारीबाग , जनवरी 31 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने नशा कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर, Rs.3,51,700 नकद, 6 मोबाइल फोन एवं 2 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां हवाई अड्डा के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त के लिए कुछ लोग एकत्र होने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल द्वारा नगवां हवाई अड्डा एवं काठी नेशन होटल के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास से सभी आरोपियों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में ब्राउन शुगर एवं नकद राशि बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सावन कुमार (उम्र 19 वर्ष), पिता-धनेश्वर राम,संतोष कुमार (उम्र 33 वर्ष), पिता-रघुनंदन मेहता, प्रशांत कुमार (उम्र 28 वर्ष), पिता-बंधु साव, अनिल कुमार (उम्र 34 वर्ष), पिता-स्व. अशोक प्रसाद, संतोष कुमार साव (उम्र 36 वर्ष), पिता-स्व. जगलाल साव योगेश प्रसाद (उम्र 33 वर्ष), पिता-परमेश्वर साय धर्मेन्द्र कुमार सिंह (उम्र 27 वर्ष), पिता-सुरेश सिंह शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी बिक्री करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में संतोष कुमार साव इस गिरोह का मुख्य पैडलर बताया गया है।

उपरोक्त सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कोर्रा थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 30.01.2026 के अंतर्गत धारा 111(2)(b)/3(5) बीएनएस एवं 21(बी)/22(बी)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित