हजारीबाग , मार्च 06 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नपोखुर्द गांव में अज्ञात अपराधियों ने पहले एक कोयला कारोबारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फरार होने के दौरान एक युवक को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नपोखुर्द गांव निवासी कोयला कारोबारी रोहित साव अपने इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो में सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर स्कॉर्पियो से तेज रफ्तार में फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों की गाड़ी काफी तेज गति में थी। इसी दौरान सड़क पर मौजूद नपोखुर्द गांव के ही रहने वाले प्रदीप साव उनकी गाड़ी की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों ने घायल प्रदीप साव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी भी मौत हो गई।

एक ही घटना में दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही नपोखुर्द और आसपास के इलाकों में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित