हजारीबाग , जनवरी 31 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटीझरीया थाना क्षेत्र अंतर्गत बौधा जंगल से लगभग 60 पेटी विदेशी शराब बरामद की है।

इस दौरान एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है और घटना में प्रयुक्त होने वाले पिकअप वाहन (बोलरो) बरामद किया है। देर रात लगभग 12:35 बजे पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि टाटीझरीया थाना क्षेत्र के बौधा जंगल में एक पिकअप वाहन के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस निरीक्षक जगलाल मुण्डा, पुलिस निरीक्षक, दारू अंचल, हजारीबाग के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बौधा जंगल के समीप पहुँचने पर एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी खड़ी पाई गई। पुलिस को देखकर पिकअप वाहन का चालक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे छापामारी दल द्वारा पीछा कर पकड़ लिया गया।

पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 60 पेटी विदेशी शराब लदी हुई पाई गई। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के क्रम में उसने अपना नाम रामचन्द्र साव बताया। अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह उक्त शराब को टाटीझरीया से बिहार ले जाने की फिराक में था।

इस संबंध में टाटीझरीया थाना कांड संख्या 11/26, दिनांक 31.01.2026, धारा 274/275/292 बीएनएस एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित