आगर-मालवा , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में नीमच-भोपाल राजमार्ग-41 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात नीमच से लहसुन भरकर कोलकाता जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें ट्रक चालक व उसका साथी केबिन में बुरी तरह से फंस गये। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा युवकों को निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन भारी ट्रक के नीचे दबे दोनों को हाथों से निकालना संभव नहीं हो पाया। अंततः जेसीबी मंगवाई गई।

करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा जिले के कानड़ पुलिस थानान्तर्गत हुआ जहां सामने से आ रहे एक वाहन ने ट्रक को अचानक कट मार दिया। संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क पर पलट गया और यह भयावह हादसा हो गया।

हादसे में ट्रक चालक अफसर पिता आबिद (24) और उसके साथी मुबारिक पिता आरिफ (25), दोनों निवासी मुख्तियारनगर कादराबाद, जिला सीहोर की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित