देहरादून , मार्च 15 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार को लाईफ केयर पैथोलॉजी सेंटर द्वारा 15वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कुल 210 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे आयोजन लोगों को जागरूक करते हैं और जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 15 वर्षों से रक्तदान शिविर का आयोजन करना अपने आप में बड़ी सामाजिक सेवा है।
शिविर के आयोजक राजेश रावत ने कहा कि शिविर का उदेश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। शिविर में रक्तदान करने के लिए शहर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। उन्होंने बताया कि कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया और इसे समाज सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया।रक्त दाताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित