कोटद्वार/देहरादून , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने शुक्रवार को यहां जिला फार्मेसी सेवा संघ (एलोपैथिक), पौड़ी गढवाल के द्वितीय अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग लिया और कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हैं।श्रीमती भूषण ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसमें फार्मासिस्टों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसलिए उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि फार्मेसी से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक बेहतर और सुगमता से पहुंचें, और इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों के हितों का संरक्षण आवश्यक है।

इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने उनको एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें विभिन्न मांगें राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत की गई है।इस पर श्रीमती भूषण ने सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री प्रताप सिंह पवार, जनपद अध्यक्ष पंचम सिंह रावत, अध्यक्ष सुधा कुकरेती, संजय नेगी, रुचिन महेश्वरी, डी.एस. नेगी, राजेश शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित