नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- उन्नीसवीं सदी के महान आध्यात्मिक गुरू और समाज सुधारक स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर सोमवार को देश भर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी और जगह-जगह उनकी याद में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित गणमान्य हस्तियों ने देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण कालखंड में आध्यात्मिक चेतना और युवाओं को सामाजिक दायित्व की प्रेरणा देने में स्वामी विवेकानंद के महती योगदान को याद किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वामी विवेकानंद को एक ऐसा दूरदर्शी महापुरुष बताया जिनके विचार आज भी मानवता को राह दिखाते हैं।राष्ट्रपति ने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा, "मैं राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाये जाने वाले स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देती हूं।" उन्होंने एक्स पर अपने आधिकारिक पृष्ठ पर लिखा, " स्वामी विवेकानंद (का जीवन और शिक्षाएं) एक कालातीत दूरदर्शी और आध्यात्मिक प्रतीक है, उन्होंने सिखाया कि आंतरिक शक्ति और मानवता की सेवा एक सार्थक जीवन की नींव हैं। उन्होंने भारत के शाश्वत ज्ञान को दुनिया तक पहुंचाया।"उन्होंने कहा, "स्वामीजी ने भारतीयों में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाई और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उनकी शिक्षाएं मानवता को प्रेरित करती रहेंगी।"उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति आवास पर स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति नेसोशल मीडिया पर एक पोस्ट में स्वामी विवेकानंद की अमर विरासत का स्मरण करते हुए कहा कि स्वामीजी के जीवन और शिक्षाओं में आंतरिक शक्ति, आत्म-अनुशासन और निस्वार्थ सेवा को सार्थक जीवन का स्तंभ दर्शाया और बताया गया है।"उन्होंने कहा कि भारत के सभ्यतागत ज्ञान को विश्व तक पहुंचाकर स्वामी विवेकानंद ने राष्ट्रीय गौरव को एक नया आयाम दिया और युवाओं में राष्ट्र की प्रगति के लिए कार्य करने का आत्मविश्वास जगाया।उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श पीढ़ियों को प्रेरणाा देते रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि स्वामी विवेकानंद का व्यक्तित्व और उनकी कृतियाँ विकसित भारत के संकल्प में निरंतर नई ऊर्जा का संचार करती हैं। श्री मोदी ने कहा, "भारतीय युवाशक्ति के सशक्त प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विकसित भारत के संकल्प में निरंतर नई ऊर्जा का संचार करने वाला है। मेरी कामना है कि राष्ट्रीय युवा दिवस का यह दिव्य अवसर सभी देशवासियों, विशेषकर हमारे युवा साथियों के लिए नई शक्ति और नया आत्मविश्वास लेकर आए।"पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी एक्स के अपने पृष्ठ पर एक पोस्ट के ज़रिए स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी और देश के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, जो स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया जाता है, मैं अपने देश के देशभक्त युवा पुरुषों और महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। स्वामीजी का मानना था कि युवा ही किसी राष्ट्र के भाग्य के निर्माता होते हैं।"मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा , ' स्वामी विवेकानंद हमारी देशभक्ति और सभी सामाजिक सेवाओं के लिए प्रेरणा हैं। राष्ट्र के प्रति उनके प्रेम के आदर्श, गरीबों को भगवान (दरिद्र नारायण) के रूप में सेवा करने का उनका संदेश, और एकता, शांति और सद्भाव की उनकी शिक्षाओं ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है।"विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में नयी दिल्ली में भारत मंडपम में 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' कार्यक्रम चल रहा है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विवेकानंद जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का 'विवेकानंद' नाम ही अपने आप में कालजयी संदेश है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित