नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री l रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और दर्शन आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
श्रीमती गुप्ता ने आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर यहाँ किरोड़ीमल कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज कैंटीन लॉन में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण करने के बाद उन्होंने युवाओं से संवाद किया और उनसे राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और दर्शन आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स विद्यार्थियों के बौद्धिक, सांस्कृतिक और नेतृत्व विकास को सशक्त मंच प्रदान करेगा। साथ ही, दिल्ली के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी देने के लिए भी प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की विचारधारा और शिक्षाएं आज भी युवाओं को राष्ट्र की प्रगति और समाज की भलाई के लिए समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वामी विवेकानंद के संदेश- 'उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको' को अपने जीवन का सिद्धांत बनाएं। उन्होंने कहा कि भारत आज अमृतकाल के महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुका है। ऐसे में 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है। देश की प्रगति केवल सरकार या नीतियों से नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी और भागीदारी से संभव है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं की रचनात्मकता, इनोवेशन और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में अपनी गौरवशाली विरासत के प्रति बढ़ता प्रेम और गर्व यह विश्वास सुदृढ़ करता है कि भारत अपने सांस्कृतिक वैभव के साथ दोबारा विश्व पटल पर गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित