लखनऊ , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधान परिषद के बजट सत्र में कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित देश और प्रदेश की नींव होते हैं। जब तक जनता स्वस्थ नहीं होगी, तब तक विकास संभव नहीं है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने जनता को गुमराह कर केवल ढांचागत निर्माण का दिखावा किया, लेकिन चिकित्सा सुविधाओं को धरातल पर मजबूत नहीं किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेजों को पूरी क्षमता से संचालित किया है, जहां मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले केवल भवन बनाए गए, लेकिन चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संस्थान कार्यरत हैं और गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधाएं निरंतर बढ़ाई जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में 16,520 चिकित्सक तैनात हैं और नई नियुक्तियां भी की जा रही हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मानक विहीन चिकित्सालयों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार उपचार सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और प्राकृतिक जीवनशैली से ही गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। युवाओं को जंक फूड से दूरी बनाकर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित