दिल्ली/रांची , जनवरी 24 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच अल्पसंख्यक समाज की वर्तमान स्थिति, सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों और भविष्य की रणनीति को लेकर लंबी, गंभीर और सार्थक चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आज अल्पसंख्यक समाज, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को संगठित और सशक्त करने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अब सीधे नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से समाज पर हमला कर रही है और खासकर युवाओं को अपने प्रभाव में लेने का प्रयास कर रही है। यह न केवल मौलिक अधिकारों पर प्रहार है, बल्कि समाज की सोच और चेतना को प्रभावित करने का भी प्रयास है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा चाहती है कि समाज में कट्टर सोच को बढ़ावा मिले, विभाजन गहराए और आपसी भाईचारा कमजोर पड़े। इसी कारण भाजपा को मुस्लिम समाज के भीतर कट्टर छवि वाले नेता अधिक स्वीकार्य प्रतीत होते हैं। ऐसे हालात में संयम, समझदारी और दूरदर्शिता के साथ सेकुलर तथा समावेशी विचारधारा को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में अल्पसंख्यक समाज की स्थिति पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इन राज्यों में सामाजिक हालात का आकलन कर जमीनी स्तर पर काम करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

इस क्रम में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस नेतृत्व समाज के हर उस हिस्से तक पहुंचेगा, जहां संगठन की जरूरत है। अल्पसंख्यक समाज को संगठित कर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज हर क्षेत्र में आगे बढ़ सके।

डॉ. अंसारी ने देशभर के अल्पसंख्यक भाइयों से अपील की कि वे सच्चे सेकुलर और लोकतांत्रिक विचारधारा वाले नेतृत्व के साथ खड़े हों और उन तथाकथित नेताओं से सतर्क रहें जो भाजपा के इशारे पर काम कर समाज में भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सभी धर्मों और वर्गों को सम्मान और संवैधानिक अधिकार दिलाने का कार्य किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भले ही कांग्रेस इस समय कठिन दौर से गुजर रही हो, लेकिन पार्टी फिर मजबूती से उभरेगी। अंत में उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे पूरी ईमानदारी से कांग्रेस की विचारधारा को जनता तक पहुंचाकर संगठन को मजबूत करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित