लखनऊ , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश स्वदेशी तकनीक के माध्यम से संचार क्रांति की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विज़न है कि देश के हर नागरिक तक आधुनिक और सुलभ संचार सुविधाएं पहुंचें।
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ स्थित भूतनाथ टेलीफोन एक्सचेंज के सभागार में आयोजित बीएसएनएल अधिकारी संघ की सेंट्रल एक्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में "बीएसएनएल - स्वदेशी तकनीक: अवसर और चुनौतियाँ" विषयक कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
श्री मौर्य ने बताया कि 'मेक इन इंडिया' अभियान के तहत स्वदेशी तकनीक आधारित 4G सेवाओं का शुभारंभ 27 सितम्बर 2023 को उड़ीसा से किया गया, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि आज बीएसएनएल के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल के साथ उनकी पुरानी यादें जुड़ी हैं और सांसद रहते हुए वे दूरसंचार संबंधी समिति से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने बीएसएनएल की प्रगति के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएनएल के पास मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर है और वह किसी भी दृष्टि से पीछे नहीं है। आवश्यकता है कि समर्पण, नवाचार और प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करते हुए इसे देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी बनाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बीएसएनएल शीर्ष स्थान प्राप्त करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित