रांची, 11अक्टूबर (वार्ता) झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अभियान के प्रदेश संयोजक एवं महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने प्रदेश में शुरू किए जा रहे स्वदेशी अभियान का स्टीकर,पोस्टर, पम्पलेट, नोट पैड,संकल्प पत्र का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

इस मौके पर श्री मरांडी ने कहा कि आत्म निर्भर भारत और स्वदेशी अभियान एक दूसरे के पूरक हैं। स्वदेशी अभियान को बढ़ावा देकर ,स्वदेशी उत्पादों को अपने दैनिक जीवन में अपना कर भारत का प्रत्येक नागरिक भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने में बड़ा योगदान कर सकता है। उन्होंने अभियान के मंत्र हर घर स्वदेशी,घर घर स्वदेशी को अपनाकर इसे जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।

श्री मरांडी ने कहा कि भारत का प्राचीन इतिहास गौरवशाली, वैभवशाली रहा है। 125 ईपू मौर्यकाल में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश था।विश्व की जीडीपी के भारत का योगदान 33% था। 16 वीं शताब्दी तक विश्व अर्थव्यवस्था में अपनी 24.4% जीडीपी की भागीदारी के साथ भारत विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक क्षेत्र था। लेकिन गुलामी की लूट खसोट ने 1947 तक विश्व अर्थव्यवस्था ने भारत के जीडीपी की भागीदारी 4% पहुंच गई। 1947 में विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला भारत सबसे गरीब देशों की श्रेणी में 136 वें स्थान पर पहुंच गया।

श्री मरांडी ने कहा कि आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी से लेकर बाल गंगाधर तिलक, सरदार पटेल, जैसे नेताओं ने स्वदेशी अभियान को स्वतंत्रता की लड़ाई का हथियार बनाया। भारत की आजादी मे स्वदेशी अभियान का बड़ा योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित