उज्जैन , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में मालवा अंचल के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लेखक, पत्रकार रामचन्द्र रघुवंशी की स्मृति में चार अप्रैल को आयोजित एक समारोह में इस वर्ष 28 वां राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड पद्मश्री सुशील दोषी को दिया जायेगा।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि राष्ट्रीय चेतना के भाव को जगाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सुशील दोषी ने भारत के खेल जगत में राष्ट्र को ऊंचाइयों की ओर ले जाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्रिकेट खेल की भारत में सबसे प्रथम हिन्दी में कमेन्ट्री कर क्रिकेट को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है, जो अविस्मरणीय है। भारतवासी इस कार्य को सदैव स्मरण करते रहेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामचन्द्र रघुवंशी स्मरण समिति ने इस वर्ष श्री दोषी को राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड से अलंकृत करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामचन्द्र रघुवंशी के पुण्य स्मरण दिवस 4 अप्रैल को इस आयोजन की शुरुआत 1999 में की गई। विगत 27 वर्षों से आयोजन समिति द्वारा मेग्सेसे अवार्ड से पुरस्कृत पानी बाबा राजेन्द्रसिंह, समाजसेवी अभिनेता सुनील दत्त, डॉ. किरण बेदी, नोबल पुरस्कार अभिनन्दित कैलाश सत्यार्थी, समाजसेवी मेधा पाटकर, पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद जी, डॉ. बिन्देश्वरी पाठक, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी सहित देश की ख्यातिनाम हस्तियों को क्रांतिवीर अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित