रुद्रप्रयाग , जनवरी 30 -- स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति में गुरुवार को रुद्रप्रयाग जिला कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र को स्वतंत्रता दिलाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहीदों का जीवन हमें राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना से निर्वहन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित