जयपुर , अप्रैल 18 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम द्वारा पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित 'सफाई सेवा मैराथन-2026' अभियान ने स्वच्छता का नया इतिहास रचते हुए एक ही दिन में करीब छह हजार टन कचरा उठाने से शहर की तस्वीर ही बदल गई।

निगम आयुक्त ओम प्रकाश कसेरा की पहल पर चले इस अभियान में निगम के नौ हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी मैदान में उतरे वहीं करीब 1500 गाड़ियों के माध्यम से 7000 ट्रिप्स में कचरे का निस्तारण किया गया।

श्री कसेरा ने सुबह सात बजे से शाम तक लगातार क्षेत्र में रहकर करीब 200 किलोमीटर का रूट कवर किया, जिसमें से 15 किलोमीटर पैदल निरीक्षण किया गया। इस दौरान शहरभर के 60 से अधिक प्रमुख स्थानों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया और कई जगह स्वयं खड़े होकर ओपन कचरा डिपो हटवाए गए।

अभियान की शुरुआत मालवीय नगर जोन के वार्ड संख्या 83 (हाजिरीगाह) से हुई। इसके बाद रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, ज्योति नगर टी-प्वाइंट, कठपुतली नगर, डियर पार्क, स्टेच्यू सर्किल, गवर्मेंट हॉस्टल, एमआई रोड, अजमेरी गेट, किशनपोल जोन, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, हवामहल, जलेबी चौक, गोविंद देव जी मंदिर (जय निवास उद्यान), नगर निगम हैरिटेज मुख्यालय, पौंड्रिक उद्यान, ताल कटोरा, चांदी की टकसाल, जोरावर सिंह गेट, रामगढ़ मोड़, बंगाली बाबा चुंगी, दिल्ली रोड स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन (लाल डूंगरी), गलता जी, गोल मार्केट कचरा ट्रांसफर स्टेशन (राजा पार्क) एवं झालाना कचरा ट्रांसफर स्टेशन क्षेत्र में कचरा साफ एवं निरीक्षण किया गया।

इसके बाद श्री कसेरा ने गांधी नगर होते हुए लाल कोठी, प्रधान मार्ग, ओटीएस सर्किल, जवाहर सर्किल, एयरपोर्ट, टोंक रोड, प्रताप नगर, अन्नपूर्णा रसोई (आयूएचएस), बंबाला पुलिया के नजदीक ट्रांसफर स्टेशन, सांगानेर बाजार (सांगा बाबा मंदिर, त्रिपोलिया बालाजी, जैन मंदिर पैदल दौरा), सांगानेर स्टेडियम, मानसरोवर कचरा ट्रांसफर स्टेशन, द्वारका 10, पुरोहित पार्क, वेस्ट टू वंडर पार्क, श्याम नगर, पुरानी चुंगी, गांधी पथ, गुप्ता स्टोर, सिरसी रोड, खिरणी फाटक आरओबी, कालवाड़ रोड, पंखा कांटा, झोटवाड़ा चौराहा, सीकर रोड, मुरलीपुरा बाजार, वीकेआई 14 नंबर, हरमाड़ा, टोड़ी मोड कचरा ट्रांसफर स्टेशन, विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, चिंकारा कैंटीन, कलेक्टरी सर्किल एवं नगर निगम मुख्यालय सहित विस्तृत रूट पर निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचकर सीधा संवाद किया, उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें स्वच्छता योद्धा के रूप में सम्मानित करते हुए बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया वहीं आमजन और व्यापारियों से भी बातचीत कर जमीनी फीडबैक लिया, जिससे अभियान को जनसहभागिता का सशक्त स्वरूप मिला।

इस दौरान ताल कटोरा में बिना सुरक्षा उपकरण कार्य कर रहे कर्मचारियों को देखकर श्री कसेरा ने नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी पूर्ण सुरक्षा के साथ ही कार्य करें। विभिन्न कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर मशीन-टू-मशीन निस्तारण प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

अभियान के दौरान शहरभर में सैकड़ों कचरा डिपो साफ किए गए और सामान्य दिनों की तुलना में अधिक कचरा उठाया गया। विशेष रूप से उन स्थानों को भी कवर किया गया, जहां नियमित रूप से कचरा नहीं उठ पाता था। आमजन की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित