हाजीपुर , अप्रैल 28 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत सादुल्लापुर धबौली पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में स्वगणना अभियान एवं एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर रोकथाम) टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं, जीविका दीदियों, कृषि सखियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर स्वगणना एवं आगामी जनगणना कार्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वगणना नागरिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार की सही एवं अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बन सकता है।

जिला पदाधिकारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी उपलब्ध होने से सरकार की योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित