रायपुर , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में रायपुर जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बनती जा रही है। इस पहल के तहत लोग स्वेच्छा से पुस्तकें और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान कर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

इसी क्रम में बिलासपुर के मंत्रा ट्यूटोरियल के संचालक मनीष पटेल ने छत्तीसगढ़ वृहद अध्ययन, मनोविज्ञान और समाजशास्त्र विषय से संबंधित 265 पुस्तकें जिला प्रशासन को दान कीं।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद और प्रतिभावान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

मनीष पटेल ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली। समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की भावना से उन्होंने पुस्तक दान करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों से जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत अब तक 10 हजार 300 से अधिक पुस्तकें और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स दान किए जा चुके हैं। इन संसाधनों का लाभ लेकर अनेक विद्यार्थी अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा दे रहे हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पहल से जुड़कर ज्ञान के दान में भागीदार बनें और युवाओं के सपनों को साकार करने में सहयोग दें। पुस्तक या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने के इच्छुक नागरिक प्रभात सक्सेना (9406049000) और केदार पटेल (9425502970) से संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित