भागलपुर , नवंबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को कहा कि बिहार में आगामी चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी और राज्य की पलायन और रोजगार की समस्या का समाधान किया जायेगा।
वे रविवार को भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में राजग प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। ईरानी ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में जनता ने राजग को भरपूर समर्थन दिया है और दूसरे चरण में भी पूरा सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार 'लालटेन युग' में था, जब लालू प्रसाद के शासन में जंगलराज और अव्यवस्था फैली हुई थी। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल इंजन की सरकार ने राज्य में शांति, विकास और अमन- चैन स्थापित किया है।
महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुये स्मृति ईरानी ने कहा कि राजग सरकार जीविका दीदियों को 10- 10 हजार रुपये की सहायता राशि दे रही है, जो बाद में 2 लाख रुपये तक बढ़ाई जायेगी।
जनसभा को भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित