नयी दिल्ली , नवंबर 20 -- एजुटेक डिवाइस बनाने वाली कनाडाई कंपनी स्मार्ट टेक्नोलॉजीज ने गुरुवार को संवादात्मक शिक्षण के लिए स्मार्ट बोर्ड जीएक्स उतारने के साथ भारतीय बाजार में कदम रखने की घोषणा की।

स्मार्ट टेक्नोलॉजीज में अंतर्राष्ट्रीय बिक्री के उपाध्यक्ष रुबेन कैमर्ट्स ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह उत्पाद कक्षा में बच्चों की पढ़ाई को आसान बनाता है। यह सिर्फ एक हार्डवेयर नहीं है, इसके साथ कंपनी संवादात्मक तकनीक भी प्रदान कर रही है जिसकी मदद से शिक्षक कक्षा के लिए पाठ तैयार कर सकते हैं, उसे क्लाउड पर सुरक्षित कर सकते हैं और टच के माध्यम से क्लासरूम में स्मार्ट बोर्ड पर मनचाहे तरीके से बदलाव कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी शिक्षकों को इसके इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षण भी देती है।

कंपनी ने इस स्मार्ट बोर्ड को यहां यशोभूमि में चल रही एडटेक प्रदर्शनी डाइडेक इंडिया 2025 में पेश किया।

भारत में स्मार्ट टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक अंशुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह मेड इन इंडिया स्मार्ट बोर्ड है जिसके लिए कंपनी ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति में संयंत्र लगाया। स्मार्ट बोर्ड के जितने पार्ट्स भारत में उपलब्ध हैं वे यहीं खरीदे जा रहे हैं, और असेंबली पूरी तरह से देश में ही हो रही है। इसकी कीमत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि यह किफायती कीमत पर उपलब्ध होगा।

दुनिया के 150 से अधिक देशों में अपनी उपस्थिति रखने वाली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने पिछले दो साल में नीति निर्माताओं, शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों और स्कूलों से संवाद करने के बाद भारतीय बाजार में उतरने का फैसला किया। श्री रुबेन ने बताया कि उन्होंने भारतीय परिस्थितियों के हिसाब से अपने उत्पाद में बदलाव किए हैं। कंपनी का लक्ष्य अगले तीन साल में भारत में पांच करोड़ डॉलर का कारोबार करना है।

स्मार्ट बोर्ड के मुख्य राजस्व अधिकारी टोक कैन्ग्कजर ने बताया कि भारत डिजिटल शैक्षणिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। कंपनी दुनिया के विभिन्न देशों में 35 साल के अपने अनुभव के आधार पर सर्वोत्तम विधियां लेकर यहां आयी है।

स्मार्ट बोर्ड जीएक्स प्लस 65 इंच, 75 इंच और 86 इंच के तीन डिस्प्ले में उपलब्ध है। यह एंड्रॉयड 14 प्लेटफॉर्म पर काम करता है और गूगल तथा एंड्रॉयड इकोसिस्टम के साथ एकीकृत है। इसे वाईफाई और ब्लूटूथ से कनेक्ट किया जा सकता है। इसका रैम आठ जीबी का और स्टोरेज 64 जीबी है।

इसके टच स्क्रीन पर पेन, टच या जेस्चर से लिख सकते हैं या कंटेंट को एक जगह से उठाकर दूसरी जगह ले जा सकते हैं। साथ ही हथेली से मिटा सकते हैं। इसके साथ छात्रों के नौ डिवाइसों को जोड़ा जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित