वाराणसी , दिसंबर 8 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रबंध अध्ययन संस्थान स्थित प्रबंध भवन में सोमवार को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025- हार्डवेयर एडिशन (लोकल सप ; सेंटर) का उद्घाटन हुआ। इससे परिसर में नवाचार, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की सप्ताह भर चलने वाली ऊर्जावान यात्रा का शुभारंभ हुआ।

बीएचयू नोडल सेंटर पर 8 से 12 दिसंबर 2025 तक आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025- हार्डवेयर एडिशन की गतिविधियों का आज औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर छात्र-नवप्रवर्तक, मेंटर तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत-सम्मान से हुई। प्रो. आशीष बाजपेयी, निदेशक, प्रबंध अध्ययन संस्थान ने स्वागत भाषण में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवा प्रतिभाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने की बात कही।

नोडल सेंटर प्रमुख अमोघ बाबू के.ए. एवं शिवेन्द्र मणि त्रिपाठी ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का संक्षिप्त परिचय देते हुए देशभर से आए समन्वयकों, मेंटर्स और प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की। मुख्य अतिथि प्रो. संजय कुमार, कुलपति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस मंच का उपयोग वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए प्रभावी हार्डवेयर समाधान विकसित करने में करें।

विशिष्ट अतिथि प्रो. अरुण कुमार सिंह, कुलसचिव, बीएचयू ने हैकाथॉन के विशाल स्वरूप और भाग ले रही टीमों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। ऊर्जा और उत्साह से भरे सभागार में टीमें अब विशेषज्ञ मेंटर्स के मार्गदर्शन में आने वाले दिनों में कोडिंग, निर्माण और हार्डवेयर प्रोटोटाइप विकसित करने में जुट जाएंगी।

बीएचयू को देश के चुनिंदा प्रतिष्ठित नोडल केंद्रों में शामिल किया गया है। इस हार्डवेयर हैकाथॉन में कुल 142 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें देशभर से आए 120 छात्र और 22 मेंटर शामिल हैं। टीमें दो समस्या-कथनों पर कार्य करेंगी जो मरीन लिविंग रिसोर्सेज एंड इकोलॉजी केंद्र तथा केरल ग्रामीण जल आपूर्ति और स्वच्छता एजेंसी द्वारा प्रस्तुत किए गए हैं। ये चुनौतियाँ समुद्री पारिस्थितिकी, जल आपूर्ति एवं ग्रामीण स्वच्छता से जुड़ी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित