रामनगर, 08फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर स्थित विश्वप्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व एक बार फिर विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना है। पक्षियों और वन्यजीवों के दीदार के लिए स्पेन से आए एक दर्जन से अधिक पर्यटकों के समूह ने कॉर्बेट की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता की जमकर सराहना की। यह दल खास तौर पर पक्षी अवलोकन और वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के उद्देश्य से भारत पहुंचा था।
स्पेन से आए इस समूह में कुल 12 पर्यटक शामिल थे, जिनमें 7 महिलाएं और 5 पुरुष थे। समूह में शामिल अधिकांश पर्यटक बुजुर्ग आयु वर्ग के बताए जा रहे हैं। इन विदेशी मेहमानों ने रामनगर पहुंचकर कॉर्बेट नगरी का भ्रमण किया और गवर्नमेंट पार्क सहित आसपास के प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया। पर्यटकों ने बताया कि वे कई वर्षों के बाद किसी सरकारी संरक्षित पार्क में पहुंचे हैं और यहां का अनुभव उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा।
पर्यटकों ने कोसी नदी के किनारे विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को नजदीक से देखा। प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की चहचहाहट, नदी का शांत वातावरण और हरे-भरे जंगलों ने उन्हें खासा प्रभावित किया। इसके साथ ही कॉर्बेट पार्क के भीतर जंगल सफारी के दौरान उन्हें बंगाल टाइगर सहित हिरण, हाथी और अन्य वन्यजीवों के भी दर्शन हुए, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित