रायपुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक स्पा संचालक से कथित वसूली और धमकी के गंभीर आरोपों के बाद उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेंद्र जायसवाल को निलंबित कर दिया है, जिसकी जानकारी बुधवार को स्वयं गृहमंत्री ने दी।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित किया गया है और इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
यह मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा एंड वेलनेस सेंटर से जुड़ा है, जहां संचालक ने पूर्व एएसपी पर डराने-धमकाने और पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है। स्पा संचालक ने पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपते हुए कथित स्टिंग वीडियो और व्हाट्सऐप कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।
शिकायत में दावा किया गया है कि बातचीत के दौरान पैसों की मांग और दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है। संचालक के अनुसार, लगातार मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित