उदयपुर , मार्च 01 -- राजस्थान के उदयपुर में स्पार्टन क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीपीएस, मेवाड़ रॉयल्स को 93 रनों से पराजित करके रॉकवुड्स ब्लेज़िंग स्ट्राइकर्स क्रिकेट कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में स्पार्टन क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 189 रन बनाए। रवि बिश्नोई ने मात्र 24 गेंदों में 52 रनों की विस्फोटक पारी खेली। शुभम गढ़वाल ने 20 गेंदों पर 45 रन और ध्रुव सिंह ने 28 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
विपक्षी टीम की ओर से पुष्पेंद्र सिंह ने तीन विकेट और अनिरुद्ध सिंह ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीपीएस, मेवाड़ रॉयल्स की टीम 17.5 ओवर में 96 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से पुष्पेंद्र सिंह ने 34 गेंदों में 31 रन बनाए।
स्पार्टन की ओर से रवि बिश्नोई ने तीन विकेट जबकि गणेश और शिवम भानु ने दाे-दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए रवि बिश्नोई को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम को 10 लाख रुपये एवं उपविजेता टीम को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब शुभम गढ़वाल को ट्रॉफी एवं 31 हजार रुपए के साथ दिया गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के लिये भरत शर्मा को ट्रॉफी एवं 21 हजार और सर्वश्रेष्ठ गेंंदबाज रहे गणेश खुराना को ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपये प्रदान किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित