ऋषिकेश , फरवरी 25 -- उत्तराखंड के रिषिकेश में बुधवार को सिख रेजीमेंट ''द माइटी सिख'' के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर 196 फील्ड रेजीमेंट द्वारा पूर्व सैनिक संगठन के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सेना के 140 जवानों एवं पूर्व सैनिकों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिगेडियर विभाकर त्यागी एवं मीनाक्षी त्यागी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर त्यागी ने कहा कि सेना केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी पूरी निष्ठा से निभाती है। उन्होंने पूर्व सैनिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंदों को जीवनदान देने का कार्य करते हैं।

शिविर में अवतार सिंह, राजेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, देवेंद्र सिंह सहित कई पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कुल 140 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

चिकित्सा अधिकारी मेजर डी.आर. धारामवीर सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विशेष रूप से दुर्लभ ब्लड ग्रुप एकत्र करना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता की जा सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है और एक यूनिट रक्त तीन लोगों को जीवनदान दे सकता है।

सेना अधिकारियों ने आमजन से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित