कानपुर , अप्रैल 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कानपुर दक्षिण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के पार्षदों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, सेवा भावना और जनसंपर्क को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

बैठक में विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जनधन योजना जैसी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र लोगों को इनका अधिकतम लाभ मिल सके। निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस पर प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर ध्वजारोहण करेगा, बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।

जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि पार्षद सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यमों का उपयोग कर सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाएंगे। इसके लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सचान सहित अन्य पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित