नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी को साफ, विकसित और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम को करोड़ों रुपये की विशेष आर्थिक मदद दी गयी है।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहां कहा कि राजधानी को साफ, विकसित और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाए गये हैं। इसी दिशा में उन्होंने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को करोड़ों रुपये की विशेष आर्थिक मदद दी है। यह राशि सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नगर निगम के स्कूलों को सुधारने और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूरे विकास के लिए नगर निगम जैसे स्थानीय निकायों को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इस मदद में मुख्यमंत्री विकास फंड (सीएमडीएफ) से भी विशेष राशि शामिल है।

उन्होंने बताया कि राजधानी में साफ-सफाई की व्यवस्था और 60 फुट से कम चौड़ी सड़कों का रखरखाव दिल्ली नगर निगम के पास है। इसी को ध्यान में रखते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान सड़कों को पक्का करने और विकास कार्यों के लिए लगभग 1330 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके माध्यम से लगभग 1000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। यह पहल विशेष रूप से धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि दिल्ली में मॉनसून के बाद अक्टूबर-नवंबर के महीनों में प्रदूषण स्तर में तीव्र वृद्धि देखी जाती है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी सड़क सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं ताकि 30 सितंबर 2026 तक प्रमुख परियोजनाओं का निष्पादन सुनिश्चित हो सके। इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गति देने, अग्रिम तैयारियां शुरू करने और निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। उनका कहना है कि समय पर काम पूरे होने से नागरिकों को प्रदूषण से राहत मिलेगी और राजधानी की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने करीब 2300 करोड़ रुपये की लंबी अवधि की योजना को मंजूरी दी है। यह योजना 10 साल के ओपेक्स मॉडल पर चलेगी। इसके तहत सड़कों की बेहतर सफाई के लिए 70 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें लगाई जा रही हैं। ये मशीनें पहले से काम कर रही मशीनों के साथ मिलकर सड़क की धूल और कचरे को प्रभावी तरीके से साफ करेंगी। इसके अलावा, 1000 इलेक्ट्रिक लिटर पिकर भी तैनात किए जा रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था और तेज, पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित